भारत

अवैध देवदार तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

Shantanu Roy
30 Jun 2026 3:38 PM IST
अवैध देवदार तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
x
Sundarnagar. सुंदरनगर। सुकेत वन मंडल के जयदेवी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध देवदार कटान और तस्करी के बड़े प्रयास को विफल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार तड़के करीब सवा दो बजे रात्रि गश्त के दौरान डिमार्केटेड संरक्षित वन च्योरा में एक पिकअप वाहन में देवदार की लकड़ी लोड की जा रही थी। वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। कार्रवाई उप वन क्षेत्राधिकारी रामलाल के नेतृत्व में की गई। मौके से पिकअप सहित 10 देवदार के लट्ठे वाहन से तथा 15 लट्ठे सड़क किनारे बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों के पास लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध ट्रांजिट परमिट या अन्य अधिकृत दस्तावेज नहीं मिले। बरामद लकड़ी पर वन विभाग का अनिवार्य हैमर मार्क भी अंकित नहीं था। जांच में सामने आया कि संरक्षित वन च्योरा से देवदार के कुल नौ पेड़ अवैध रूप से काटे गए थे।

जिनमें छह चतुर्थ श्रेणी और तीन पंचम श्रेणी के वृक्ष शामिल हैं। बरामद लकड़ी का कुल आयतन 1.230 घन मीटर तथा अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1.40 लाख रुपये आंका गया है। वन विभाग ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस चौकी निहरी में एफआईआर दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीता राम निवासी गांव खुनाल, डाकघर पौडाकोठी, तहसील निहरी, खोज राज निवासी गांव खुनाल, डाकघर पौडाकोठी, तहसील निहरी तथा ढमेश्वर निवासी गांव थाछ, डाकघर पौडाकोठी, तहसील निहरी, जिला मंडी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान मौके से फरार हुए आरोपियों की पहचान बृज लाल उर्फ पूर्ण चंद निवासी गांव कोदश, डाकघर पौडाकोठी, तहसील निहरी तथा संजु (श्रवण कुमार) निवासी गांव परोयटी, डाकघर पौडाकोठी, तहसील निहरी, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन , देवदार के 25 लॉग (कुल 1.230 घन मीटर), एक आरा तथा एक कुल्हाड़ी बरामद की है। बरामद लकड़ी और औजारों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने ब बताया कि मामले की जांच जारी है तथा फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Next Story