भारत

कुल्लू-मनाली घूमना है, तो बुकिंग करवा कर आएं

Shantanu Roy
29 May 2026 5:25 PM IST
कुल्लू-मनाली घूमना है, तो बुकिंग करवा कर आएं
x
Kullu. कुल्लू। इन दिनों पूरी तरह पर्यटन सीजन के रंग में रंग चुका है। गर्मी से राहत पाने के लिए देशभर से हजारों सैलानी रोजाना मनाली पहुंच रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि होटल, होम-स्टे, टैक्सी और पार्किंग तक एडवांस बुकिंग पर चल रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि वीकेंड और छुट्टियों के दौरान अचानक पहुंचने वाले पर्यटकों को कमरे मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मॉल रोड, सोलंगनाला और
अटल टनल
की ओर सुबह से देर शाम तक पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। शहर में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या के चलते कई स्थानों पर ट्रैफिक दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में प्रशासन और पर्यटन कारोबारियों ने पर्यटकों से अपील की है कि मनाली आने से पहले होटल और वाहन पार्किंग की बुकिंग जरूर करवा लें। स्थानीय होटल संचालकों के अनुसार मई-जून के पीक सीजन में मनाली में ऑक्यूपेंसी लगातार 80 से 100 प्रतिशत तक पहुंच रही है।


खासकर वीकेंड पर हालात ऐसे बन रहे हैं कि बिना बुकिंग पहुंचे पर्यटकों को घंटों कमरे तलाशने पड़ रहे हैं। कई परिवारों को देर रात तक वैकल्पिक ठिकाने ढूंढने पड़ रहे हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार मौसम भी सैलानियों को खूब आकर्षित कर रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडक और बर्फबारी की खबरों के चलते पर्यटकों का रुझान लगातार बढ़ा है। इसका सीधा फायदा स्थानीय कारोबार को मिल रहा है। लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या से होटलए रेस्तरांए टैक्सी और एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों में भी उत्साह है। कारोबारियों का कहना है कि लंबे समय बाद इस तरह का पीक पर्यटन सीजन देखने को मिल रहा है। जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग और पहले से यात्रा प्लान करने वाले पर्यटकों को ज्यादा सुविधा मिल रही है। वहीं बिना तैयारी पहुंचे लोगों को होटल किरायों में बढ़ोतरी और ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
Next Story