भारत

HP: महिलाएं पौधे बचाएंगी और पैसे कमाएंगी

Shantanu Roy
5 Sep 2024 12:13 PM GMT
HP: महिलाएं पौधे बचाएंगी और पैसे कमाएंगी
x
Shimla. शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पंचायतों में महिला मंडलों के सहयोग से जंगलों में लगाए जाने वाले पौधों का संरक्षण किया जाएगा। इसकी एवज में महिला मंडलों को पैसा भी दिया जाएगा, जो उनकी कमाई का जरिया बनेगा। लाहुल स्पीति से इसकी शुरुआत हो गई है। इसके साथ सरकार वनों को आगजनी की घटनाओं से बचाने और पौधों के संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में वन मित्रों की भी भर्ती करेगी और यह भर्ती टेंपरेरी आधार पर होगी। बुधवार को विधानसभा में विधायक रणधीर शर्मा द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह जानकारी सदन को दी। मुख्यमंत्री ने माना कि हर साल लाखों पौधे लगाए जाते हैं, जिस पर करोड़ों रुपए का खर्च किया जाता है, मगर इन पौधों की सरवाइवल रेट मात्र 50 फीसदी तक है। उन्होंने कहा कि जिस पंचायत में पौधारोपण होगा, वहां के महिला मंडल को भी इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान में 60 फीसदी फलदार पौधे ही लगाए जाने का प्रावधान किया गया है। विधायक रणधीर शर्मा द्वारा वन क्षेत्रों में वन विभाग की योजनाओं के तहत धन के आबंटन में पक्षपात के आरोपों को सीएम ने नकारते हुए कहा कि इसमें कोई भेदभाव नहीं हो रहा है और सभी हलकों में बराबर
पैसा बांटा जा रहा है।


मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि ओकओवर में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी एक पौधा लगाया था, जिसकी देखरेख आज मैं कर रहा हूं। इस पर सदन में ठहाके गूंज उठे। सीएम ने कहा कि लोगों की खुद की भी जिम्मेदारी होती है कि उनके आसपास पौधे लगें और वे उनकी देखरेख करें। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल ने कहा कि कांगड़ा जिला में 31 जुलाई तक वृद्धावस्था व विधवा पेंशन के 200 नए मामले लंबित हैं, जिनकी औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के बाद तीन महीने में निपटा दिया जाएगा। 9514 लोगों को पेंशन की सुविधा प्रदान की गई है। यह सवाल विधायक पवन काजल ने उठाया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामपुर के विधायक नंद लाल के सवाल पर कहा कि उनके क्षेत्र की विधायक प्राथमिकता योजनाएं जो भी लंबित हैं, उन पर तेजी के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक से इस संबंध में बातचीत करके जो भी समस्याएं होंगी उनको दूर कर दिया जाएगा। सदन में सरकाघाट लोक निर्माण मंडल को लेकर विधायक दलीप ठाकुर ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसकी जांच करने की मांग उठाई है। उनके द्वारा पूछे गए सवाल पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जो सूचना विधायक ने मांगी है, उसकी जानकारी दी गई है और कुछ जानकारी साझा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस घोटाले का जिक्र विधायक कर रहे हैं, उसकी वह लिखित जानकारी देंगे तो इसकी छानबीन होगी ी। विधायक दलीप ठाकुर ने कहा कि पूर्व मंत्री रंगीला राम राव ने भी आरोप लगाया है कि सरकाघाट में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।
Next Story