भारत

HP: भोले के दर्शन को अभी भी उमड़ रहा सैलाब

Shantanu Roy
29 Aug 2024 12:04 PM GMT
HP: भोले के दर्शन को अभी भी उमड़ रहा सैलाब
x
Bharmour. भरमौर। उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा में जन्माष्टमी पर्व का छोटा शाही स्नान संपन्न होने के बाद उपमंडल मुख्यालय में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला चला हुआ है। हालांकि श्रद्धालुओं की संख्या में पिछले दिनों की अपेक्षा कमी दर्ज की गई है। लिहाजा विश्व प्रसिद्ध चौरासी मंदिर में दिन भर प्राचीन शिव मंदिर और धर्मेश्वर महाराज के मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। वहीं प्राचीन शिव मंदिर के बाहर दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। कुल-मिलाकर उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा में देश के अलग-अलग राज्यों से यात्रियों के आने का क्रम जारी है। उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा में इस वर्ष जन्माष्टमी के पावन स्नान के लिए रिकार्ड तोड़-भीड़ यहां पहुंची थी। लिहाजा भरमौर एनएच समेत यहां पर हड़सर से डल झील तक जाने वाले पैदल रास्ते में लोगों का
जाम लगा रहा।

बारिश के बीच पैदल रास्ते में फिसलन होने के चलते डल झील की ओर से लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन को मंगलवार को कुछ घंटों के लिए यात्रा भी रोकनी पड़ी थी। उधर, बुधवार को सुबह से ही उपमंडल मुख्यालय भरमौर में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था और रात तक यह क्रम जारी रहा। इस बीच भगवान भोले नाथ के उद्घोषों के साथ श्रद्धालुओं ने चौरासी मंदिरों समेत प्रसिद्व भरमाणी माता मंदिर में माथा टेक यात्रा के लिए आशीर्वाद लिया। इधर, चौरासी मंदिर परिसर में बुधवार के दिन प्राचीन शिव मंदिर में यात्रा कर लौट रहे और यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं की मंदिर में माथा टेकने के लिए कतारें भी लगी। कुल-मिलाकर जन्माष्टमी पर्व का स्नान संपन्न होने के बाद अब यात्रियों की संख्या में थोड़ी कमी आई है। वहीं अब राधाष्टमी पर्व पर डल झील में होने वाले शाही बड़े न्हौण से पहले यात्रियों की भीड़ यहां उमडऩे की उम्मीद है।
Next Story