
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से इस साल कुल 3,622 हज यात्री हज यात्रा पर रवाना होंगे। इनमें से लगभग 3,132 यात्री श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 4 से 15 मई 2025 के बीच संचालित 11 विशेष उड़ानों के माध्यम से सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे, जबकि लद्दाख से 242 यात्री हज यात्रा करेंगे। सभी हज यात्रियों का सऊदी अरब के जेद्दा में कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया द्वारा स्वागत किया जाएगा। उपराज्यपाल ने हज यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, एजेंसियों और अधिकारियों के सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, डिविजनल कमिश्नर कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी, आईजीपी कश्मीर विधि कुमार बिर्दी, बडगाम के उपायुक्त अक्षय लब्रू, जम्मू-कश्मीर हज कमेटी के सदस्यगण, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सिविल और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे पहले, शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट से 51 महिलाओं को हज के लिए रवाना किया गया। सरकार ने हज यात्रा के दौरान महिलाओं को आर्थिक मदद भी दी है, ताकि वे यात्रा का खर्च आसानी से उठा सकें और उनका अनुभव सुरक्षित और सम्मानजनक बन सके। मोदी सरकार के ये प्रयास महिलाओं को आजादी और आत्मविश्वास देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।





