भारत

होटल में इलेक्ट्रीशियन की मौत, एक महीने पहले हुई थी शादी

Nilmani Pal
7 Jun 2025 7:55 AM IST
होटल में इलेक्ट्रीशियन की मौत, एक महीने पहले हुई थी शादी
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कानपुर के बिठूर में शादी के महज 35 दिन बाद इलेक्ट्रीशियन की 11वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घर में मौत की सूचना पहुंची तो कोहराम मच गया। घटना मंधना-बैराज मार्ग स्थित एटरनिटी होटल में हुई। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया जिसके बाद आक्रोश शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्नाव के तेजपुर गांव निवासी किसान पप्पू राजपूत के 30 वर्षीय बेटे करन की शादी दो मई को परियर के कुदारी गांव की सोनिया के साथ हुई थी। करन इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।

बताया जा रहा है कि पिछले पांच महीने से वह मंधना-बैराज मार्ग स्थित एटरनिटी होटल में इलेक्ट्रीशियन का काम कर रहा था। शुक्रवार दोपहर को वह होटल के बाहरी हिस्से की दीवार पर रस्सी से बनाई गई लिफ्ट के सहारे 11वीं मंजिल के छज्जे में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई और वह 11वीं मंजिल से नीचे आकर गिरा। घटना से अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इलेक्ट्रीशियन की शादी महज 35 दिन पहले हुई थी। उसकी मौत की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पत्नी चीखने लगी। कुछ ही देर में वह बदहवास हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने काम के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम न होने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतक की मां सियादुलारी, बड़ा भाई सूरज, पत्नी सोनिया के साथ गांव के तमाम लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। शव को रखकर मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। पुलिस ने सभी को शांत कराया। होटल मैनेजमेंट से परिवार के लोगों की बात कराई।

बिठूर इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजन तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं होटल में काम करने वाले एक मजदूर न बताया कि इतनी ऊंचाई पर काम चल रहा है। न तो नीचे जाल लगाने का इंतजाम किया गया है और न ही सेफ्टी बेल्ट व हेलमेट की कोई व्यवस्था होटल प्रबंधन ने की है। जबकि इतनी ऊंचाई पर काम करने के दौरान नीचे जाल लगाने का नियम है साथ ही सेफ्टी बेल्ट भी होनी चाहिए। यदि सुरक्षा नियमों का पालन होता तो शायद करन जिंदा होता।


Next Story
null