भारत

शिमला जिला में सोमवार को बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान

Shantanu Roy
31 Aug 2025 10:24 PM IST
शिमला जिला में सोमवार को बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
x
Shimla. शिमला। मौसम विभाग की ओर से सोमवार के लिए दिए गए रेड अलर्ट को देखते हुए शिमला जिला में शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है। यह आदेश जिलाधीश शिमला अनुपम कश्यप की ओर से डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत किए गए हैं। इन आदेशों में कहा गया है कि शिमला जिला में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है और अगले 24 घंटे में भी मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का पूर्वानुमान है। इसलिए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट की धारा 30(2) के तहत जिला में सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। इनमें स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कोचिंग सेंटर और नर्सिंग इंस्टिट्यूट भी शामिल हैं।

ये आदेश पूरे शिमला जिला के लिए सोमवार 1 सितंबर के लिए हैं। सभी विभागों के अध्यक्षों को कहा गया है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए इन आदेशों का पालन किया जाए। गौरतलब है कि मौसम विभाग की तरफ से सोमवार के लिए 5 जिलों में रेड अलर्ट दिया गया है, जबकि मंगलवार से मौसम में सुधार हो जाएगा। इन पांच जिलों में शिमला जिला भी शामिल है। रविवार को भी शिमला शहर से लेकर कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। लैंडस्लाइड के कारण देवनगर में गाड़ियां दबी हैं, जबकि कार्ट रोड पर होटल ट्रिपल एच के नीचे बिजली का खंभा चलती कार पर गिर गया था। आईएसबीटी रोड पर भी पेड़ गिरने के कारण ट्रैफिक थम गया है। इन घटनाओं को देखते हुए अब डीसी शिमला ने ये आर्डर किए हैं। इन आदेशों में ऐसा भी नहीं लिखा गया है कि शिक्षण संस्थान सिर्फ छात्र-छात्राओं के लिए बंद हैं। यानी शिक्षकों का भी स्कूल या कॉलेज आना जरूरी नहीं है।
Next Story