भारत

तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग से बचे ड्राइवर

Shantanu Roy
30 Jun 2026 4:43 PM IST
तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग से बचे ड्राइवर
x
Shimla. शिमला। प्रदेश मानसून का मौसम शुरू होने से पहले ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण सडक़ें फिसलन भरी हो जाती हैं, जबकि कई स्थानों पर घना कोहरा और धुंध छाने से दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी सडक़ दुर्घटना का कारण बन सकती है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बारिश के दौरान वाहन निर्धारित गति सीमा के
भीतर ही चलाएं।


तेज रफ्तार से वाहन चलाने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें। चालक आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में दुर्घटना से बचा जा सके। मोड़ों, ढलानों और संकरी सडक़ों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के समय सडक़ पर पानी जमा होने या फिसलन के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है। ऐसे में चालक धैर्य के साथ वाहन चलाएं और जल्दबाजी से बचें। पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले वाहन के ब्रेक, टायर, वाइपर, हैडलाइट और इंडिकेटर की जांच अवश्य कर लें। धुंध या तेज बारिश के दौरान हैडलाइट का उचित इस्तेमाल करें तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाएं। शिमला ट्रैफिक पुलिस की टीमें शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर तैनात हैं।
Next Story