भारत

कांग्रेस राज में कानून-व्यवस्था चरमराई, हिमाचल में बढ़ रहा ‘गन कल्चर’: त्रिलोक कपूर

Shantanu Roy
24 Nov 2025 4:09 PM IST
कांग्रेस राज में कानून-व्यवस्था चरमराई, हिमाचल में बढ़ रहा ‘गन कल्चर’: त्रिलोक कपूर
x
Shimla. शिमला। भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश की कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। प्रदेश में गन कल्चर और गैंगवार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो हिमाचल की शांत छवि को धूमिल कर रही हैं। ऊना में कांग्रेस गुटों के बीच हुआ ताज़ा हत्याकांड इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। कपूर ने कहा कि ऊना में युवा कांग्रेस नेता आशु पुरी की जिस तरह ताबड़तोड़
गोलियां मारकर हत्या की गई, वह किसी फिल्मी दृश्य जैसा नहीं बल्कि हिमाचल की बदलती कड़वी हकीकत है। यह घटना कांग्रेस सरकार की नाकामी, घटती कानून व्यवस्था और राजनीतिक गुटबाजी की भयावह तस्वीर पेश करती है। होटल में जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुआ विवाद, बाहर गोलियों की गूंज रात करीब 12 बजे ऊना के लाल सिंघी क्षेत्र स्थित रायजादा होटल की पार्किंग में दो कांग्रेस गुटों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गई।


थोड़ी देर पहले तक जहां लोग बर्थडे सेलिब्रेशन में हंसी-खुशी में मशगूल थे, कुछ ही मिनटों में वही जगह चीख-पुकार, गोलियों की आवाज़ और खून से भर गई। एफआईआर के अनुसार, विवाद के बाद दोनों गुट पार्किंग में पहुंचे, जहां पूर्व युवा कांग्रेस नेता गुरजीत मान के इशारे पर आरोपी परमिंदर सिंह ने आशु पुरी के सिर में पहली गोली मारी। आशु गिरने के बाद भी गोलियां लगातार चलाई जाती रहीं। यह घटना साफ दर्शाती है कि यह एक सोची-समझी साजिश और टारगेटेड मर्डर था, न कि अचानक हुआ झगड़ा। त्रिलोक कपूर ने हैरानी जताई कि यह पूरी वारदात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा के होटल में हुई। हत्यारे और पीड़ित—दोनों पक्ष कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस नेताओं के होटल में ही गोलियां चल रही हैं तो आम नागरिक कितना सुरक्षित है?
Next Story