- Home
- /
- Breaking News
- /
- हाईकमान जब चाहेगा, उस...
हाईकमान जब चाहेगा, उस समय होगा मंत्रिमंडल विस्तार: सुक्खू

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हाईकमान जब चाहेगा, उस समय मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाएगा। मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा, इसकी उनको भी जानकारी नहीं है। जैसे ही उनको इसकी जानकारी उपलब्ध होगी, उसे सबको बता दिया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुस्तक विमोचन समारोह में भाग लेने के लिए स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनीराम शांडिल के साथ दिल्ली गए थे। अपने दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निमंत्रण दिया है। इनमें से कोई नेता कांग्रेस सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल के कार्यक्रम में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 1 वर्ष का कार्यकाल चुनौतियों भरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कारण हिमाचल प्रदेश शिक्षा एवं स्वच्छता के क्षेत्र में पिछड़ा। वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को पटरी पर लाने का प्रयास किया है और शीघ्र ही धरातल पर इसके परिणाम नजर आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे पर नुकेल कसने के लिए 1226 कांस्टेबलों की भर्ती होगी। इसमें 877 पुरुष कांस्टेबल, 292 महिला कांस्टेबल तथा 57 कांस्टेबल चालक होंगे। भर्ती किए जाने वाले कांस्टेबलों को स्पैशल कमांडो फोर्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस फोर्स का काम नशे पर नुकेल कसना होगा। सरकार ने नशे पर नुकेल कसने के लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इसके तहत बाहरी राज्यों से आने वाले नशे विशेषकर चिट्टे को लगातार पकड़ा जा रहा है। सरकार शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रयास कर रही है, जिसके लिए आए दिन छापेमारी की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों को सख्त सजा मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक 3 दिसम्बर को होगी। उन्होंने कहा कि विधायक दल में जिन विषयों पर चर्चा होगी, उसकी जानकारी उसी दिन दे दी जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल पर इसमें चर्चा होगी। इसके अलावा विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर भी इसमें चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आए एग्जिट पोल पर टिप्पणी करने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजे आने पर ही वह इस पर टिप्पणी करेंगे।
