भारत
BREAKING: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
21 May 2026 4:22 PM IST

x
1.30 लाख नकदी सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
Hapur. हापुड़। जनपद में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी क्रिकेट मैचों पर मोबाइल एप के जरिए हार-जीत की बाजी लगाकर अवैध सट्टेबाजी का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.30 लाख रुपये से अधिक नकदी, छह मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 20 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनंद विहार कॉलोनी के पास कुछ लोग मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगा रहे हैं।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल गोयल पुत्र देवप्रकाश गोयल निवासी न्यू शिवपुरी कॉलोनी हापुड़ और सौरभ आनंद पुत्र जीत आनंद निवासी आनंद विहार कॉलोनी मेरठ रोड हापुड़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान निखिल गोयल से 70,130 रुपये और सौरभ आनंद से 60,280 रुपये नकद बरामद किए गए। कुल मिलाकर 1,30,410 रुपये की नकदी पुलिस ने जब्त की। इसके अलावा दोनों के पास से छह मोबाइल फोन और एक टैबलेट भी बरामद हुआ।
जिनका उपयोग ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए किया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन्हीं उपकरणों के जरिए क्रिकेट मैचों के दौरान लोगों से रुपये लगवाकर अवैध लाभ कमाया जा रहा था। जांच के दौरान मोबाइल और टैबलेट में ऐसे कई डिजिटल रिकॉर्ड मिले हैं, जिनसे सट्टेबाजी गतिविधियों के प्रमाण मिले हैं। पुलिस अब इन उपकरणों का डेटा खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। जिसमें मोबाइल एप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है।
युवाओं को आसानी से पैसे कमाने का लालच देकर इस अवैध कारोबार में फंसाया जा रहा है, जिससे कई लोग आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। इसी को देखते हुए जनपद पुलिस ने ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध सट्टेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
Next Story





