भारत
BREAKING: मां ने डेढ़ महीने के बेटे का गला रेता, इलाके में फैली सनसनी
Shantanu Roy
21 Aug 2025 10:00 PM IST

x
ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल
Indore. इंदौर। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पारदी डेरे में डेढ़ माह के मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ बच्चे का शव घर के अंदर मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या उसकी मां ने ही की है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। टीआई सुशील पटेल के अनुसार, घटना अहिरखेड़ी इलाके की है। मृतक बच्चे का नाम प्रियांश पादरी है, जिसकी उम्र मात्र डेढ़ माह थी। गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे बच्चे की मां नेहा दौड़ते हुए घर से बाहर आई और कपड़े धो रही अपनी देवरानी को घबराई हुई आवाज में बुलाया। उसने कहा कि बच्चे को कुछ हो गया है। जब देवरानी घर के अंदर गई, तो देखा कि बच्चे का गला कटा हुआ है और वह खून से लथपथ पड़ा है। घटना की सूचना तत्काल आसपास के लोगों और परिजनों को दी गई। थोड़ी देर बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की और महिला से पूछताछ की।
मां ने किया जुर्म कबूल
पुलिस की प्राथमिक जांच में शक बच्चे की मां पर ही गया। घटना के समय घर पर तीन ही लोग मौजूद थे। बच्चे की मां नेहा, डेढ़ साल की बेटी और उसकी देवरानी। नेहा की देवरानी उस समय बाहर कपड़े धो रही थी, जबकि नेहा घर के अंदर बेटे प्रियांश के साथ थी। टीआई पटेल ने बताया कि महिला के हाथों में खून के धब्बे पाए गए। पूछताछ में उसने आखिरकार बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार के लोगों ने भी पुष्टि की कि वह पहले भी बेटे का गला दबाने की कोशिश कर चुकी थी।
मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल
परिवार ने बताया कि नेहा लंबे समय से अजीब हरकतें करती रही है। अक्सर वह मानसिक रूप से अस्थिर दिखाई देती थी। कई बार उसने बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद परिवार ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। अधिकारियों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति का मेडिकल परीक्षण करवाया जाएगा। पुलिस ने महिला के हाथों से ब्लड सैंपल भी लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, बच्चे का जन्म करीब डेढ़ माह पहले जम्मू में हुआ था। डिलीवरी के बाद मां और बच्चे को इंदौर लाया गया था। परिवार का निवास स्थान पारदी डेरा है। बच्चे के पिता सनी पादरी सड़कों पर दुकान लगाकर सामान बेचते हैं। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने पिता और अन्य परिजनों से भी पूछताछ की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की। फिलहाल महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होगा कि हत्या किस परिस्थिति में और क्यों की गई। टीआई पटेल ने बताया कि फिलहाल मामले में हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है। महिला की मानसिक स्थिति को लेकर रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।
पड़ोसियों और परिवार की प्रतिक्रिया
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सदमा है। पड़ोसियों का कहना है कि नेहा अक्सर चुपचाप रहती थी और अचानक गुस्सा करने लगती थी। वह कई बार अपने छोटे बेटे को जोर-जोर से रुलाने लगती थी। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी कहा कि उन्होंने पहले उसे बच्चे को नुकसान पहुंचाने से रोका था। लेकिन इस बार वह सफल नहीं हो पाए और मासूम की जान चली गई। पुलिस अब महिला के मानसिक स्वास्थ्य का परीक्षण करवाने की तैयारी में है। इसके साथ ही घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों की जांच हो रही है। एफएसएल टीम ने कमरे से खून के नमूने और चाकू जैसे धारदार हथियार की भी जांच की है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला मानसिक विकार और घरेलू परिस्थितियों से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, जब तक मेडिकल रिपोर्ट और विस्तृत जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
Tagsइंदौर बच्चा हत्यामां ने बेटे की हत्यापारदी डेरे का मामलाद्वारकापुरी थानाअहिरखेड़ीमानसिक स्वास्थ्यप्रियांश पादरीनेहा गिरफ्तारजम्मू में जन्मएफआईआर दर्जइंदौर क्राइम न्यूजIndore child murdermother killed sonPardi Dera caseDwarkapuri police stationAhirkhedimental healthPriyansh PastorNeha arrestedborn in JammuFIR lodgedIndore crime news
Next Story





