भारत

पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर नाकाबंदी, रातभर एसपी-डीएसपी-एसएचओ कर रहे गश्त

Shantanu Roy
11 May 2025 4:59 PM IST
पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर नाकाबंदी, रातभर एसपी-डीएसपी-एसएचओ कर रहे गश्त
x
BBN. बीबीएन। भारत-पाक तनाव की पृष्ठभूमि में हिमाचल प्रदेश में संभावित खतरे के मद्देनजर राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी कड़ी में पंजाब और हरियाणा की सीमाओं से सटे बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस महानिदेशक निर्देशों के बाद सोलन जिला के इस सीमांत क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पड़ोसी राज्यों से सटे तमाम एंट्री प्वाइंट्स पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हर आने जाने वाले वाहन व्यक्ति को सशस्त्र पुलिस कर्मी खंगाल रहे है । इसके अलावा भीड़ भाड़ वाले इलाकों में संदिग्धों पर कहा नजर रखी जा
रही है।


संदिग्धों की तलाश में एहतियातन सर्च आपरेशन भी चलाया जा रहा है। बताते चले की गुरुवार रात से ही बीबीएन क्षेत्र में पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है। एसपी बद्दी, डीएसपी और थाना प्रभारी स्वयं रातभर फील्ड में रहकर नाकाबंदी और तलाशी अभियानों की निगरानी कर रहे हैं। ट्रकों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय शिमला द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाके तुरंत प्रभाव से सक्रिय किए जाएं और संभावित संदिग्ध ठिकानों पर भी निगरानी रखी जाए। विशेष सुरक्षा इकाइयों, बम निरोधक दस्तों और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
Next Story