भारत

BJYM ने बिलासपुर में निकाली तिरंगा यात्रा

Shantanu Roy
14 Aug 2024 11:56 AM GMT
BJYM ने बिलासपुर में निकाली तिरंगा यात्रा
x
Bilaspur. बिलासपुर। आजादी की 77वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदर मंडल इकाई ने तिरंगा यात्रा निकाली। कंदरौर से जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक तक निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान दोपहिया वाहनों पर सवार युवाओं ने भारत माता की जय जैसे उद्घोष बुलंद आवाज में लगाए। अहम बात यह रही कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए देश के पांच राज्यों के प्रभारी बनाए गए बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने तिरंगा यात्रा में न केवल उपस्थिति दर्ज करवाई, बल्कि खुद दोपहिया वाहन चलाते हुए इसका नेतृत्व भी किया। शहीद स्मारक पर पहुंचकर उन्होंने और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। त्रिलोक जमवाल ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद 15 अगस्त 1947 को गुलामी की जंजीरों से मुक्त होने वाला भारत इस बार स्वतंत्रता की 77वीं
वर्षगांठ मनाने जा रहा है।


आजादी के इस पर्व में हर देशवासी की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा हर घर तिरंगा अभियान के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कंदरौर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा की अगवाई त्रिलोक जमवाल ने दोपहिया वाहन की ड्राइविंग सीट संभालकर खुद की। उनके नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ता कंदरौर से चांदपुर, कोठी चौक, रौड़ा सेक्टर, गुरुद्वारा चौक, कॉलेज चौक व कोर्ट रोड होते हुए शहीद स्मारक पहुंचे, जहां मातृभूमि के लिए मर-मिटने वाले रणबांकुरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करके उन्हें नमन किया गया। तिरंगा यात्रा में भाजपा के जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, जिला परिषद अध्यक्ष विमला, नगर परिषद के अध्यक्ष कमल गौतम, पूर्व पार्षद नरेंद्र पंडित, भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष मदन राणा, बीडीसी सदस्य अशोक शर्मा, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनोज चंदेल, सदर मंडल अध्यक्ष अक्षय ठाकुर तथा रविंद्र चौधरी, सौरव गौतम, अजय ठाकुर, अश्वनी शर्मा, सतीश शर्मा, अभय कटोच, अभिषेक व अनिल समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
Next Story