थाने से जान बचाकर भागा भाजपा कार्यकर्ता, पीटने वाला एसआई सस्पेंड

यूपी। सुलतानपुर जिले में थाना परिसर में रविवार को एक भाजपा कार्यकर्ता की दरोगा ने जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। कार्यकर्ता दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते रहे। देर शाम को एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया।
रविवार की की दोपहर अतरसुमा कला गांव निवासी प्रमोद मिश्र किसी कार्य से थाना धनपतगंज गए थे। बताया जाता है थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय गुप्ता भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद मिश्रा को देखते ही आग बबूला हो गए और उन्हें गालियां देने लगे। आरोप है कि जब कार्यकर्ता ने गाली का विरोध किया तो उपनिरीक्षक विजय गुप्ता ने दो अन्य सिपाहियों के साथ मिलकर प्रमोद मिश्रा को पकड़ लिया और थाना परिसर में ही गिराकर उन्हें बुरी तरह पीटने लगे। बताया जाता है भाजपा कार्यकर्ता किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से भागे। इस दौरान दरोगा ने उन्हें दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। तभी किसी ने इस घटना की सूचना आवासीय परिसर में मौजूद थाना प्रभारी प्रवीण यादव को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भागकर मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करने में जुट गए।
भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई की सूचना मिलते ही काफी संख्या में भाजपाई थाना धनपतगंज पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने घटना को लेकर आक्रोश जताया और थानाध्यक्ष से दारोगा के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान पीड़ित ने दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर भी दी। इस बावत थाना प्रभारी कोतवाल प्रवीण यादव ने बताया कि तहरीर मिल गई है। घटना से पुलिस अधीक्षक को अवगत करा दिया गया है।
भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद कुमार मिश्र की पिटाई के मामले में दरोगा विजय कुमार गुप्ता को एसपी ने देर रात को निलंबित कर दिया।





