भारत

स्कूलों में गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों में छात्रों की भागीदारी पर रोक

Shantanu Roy
24 May 2026 3:46 PM IST
स्कूलों में गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों में छात्रों की भागीदारी पर रोक
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने स्कूलों में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाए रखने और 240 शैक्षणिक दिवस सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय ने सभी डिप्टी डायरेक्टरों और स्कूल प्राचार्यों को कहा है कि बिना पूर्व अनुमति किसी भी शिक्षक या छात्र को स्कूल से बाहर होने वाले गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों में न भेजा जाए। शिक्षा विभाग ने कहा कि बार-बार होने वाले समारोह, स्वागत कार्यक्रम, रैलियां और अन्य गतिविधियां पढ़ाई को प्रभावित कर रही हैं। इससे कक्षाओं का संचालन, पाठ्यक्रम पूरा करना और परीक्षा परिणाम प्रभावित हो रहे हैं। निर्देशों में साफ किया गया है कि छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। यदि कोई छात्र बिना विभागीय अनुमति के गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लेने के कारण स्कूल से अनुपस्थित रहता है, तो उस दिन को
अनुपस्थिति माना जाएगा।


विभाग ने छात्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा का भी हवाला दिया है। आदेश में कहा गया है कि बच्चों को भीड़ बढ़ाने, स्वागत या प्रचार जैसे आयोजनों में शामिल करना उचित नहीं है। अत्यधिक गर्मी, भीड़भाड़ और लंबे समय तक बाहरी कार्यक्रमों में रहने से छात्रों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है। शिक्षा विभाग ने यह भी कहा कि छात्रों की भागीदारी केवल शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल, विज्ञान और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों तक ही सीमित रखी जाए। विश्व पर्यावरण दिवस, अर्थ डे जैसे आयोजनों को भी केवल प्रार्थना सभा या ‘बैग फ्री डे’ तक सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा निदेशालय का कहना है कि राज्य को PARAKH, PGI और ASER जैसे राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में बेहतर स्थान दिलाने के लिए पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है।
Next Story