सेना हाई अलर्ट, LoC पर पाकिस्तान को दिया फायरिंग का मुहंतोड़ जवाब

जम्मू। पहलगाम आतंकी हमले से देशभर में आक्रोश है. इस बीच एलओसी पर पाकिस्तानी सेना की ओर से रातभर गोलीबारी होती रही, जिसका भारतीय सेना ने माकूल जवाब दिया. यह फायरिंग एलओसी पर पाकिस्तानी सेना की ओर से कई चौकियों से की जा रही हैं. हालांकि, इस हमले में भारत की ओर से किसी तरह की क्षति नहीं हुई है.
एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सीमा पर छोटे हथियारों से हमला किया. हमारी सेना ने माकूल जवाब दया. अभी इस मामले में और जानकारी हासिल की जा रही है. फिलहाल किसी तरह की क्षति नहीं हुई है.
बांदीपोरा में छिपे है आतंकी, मुठभेड़ जारी
बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच आज सुबह मुठभेड़ हुई. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बांदीपुरा जिले के कुलनार बाजीपोरा इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था. उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों द्वारा सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया. घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं.
पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच यह चौथा एनकाउंटर है. इससे पहले गुरुवार को सुरक्षाबलों ने उधमपुर के डूडू बसंतगढ़ में कुछ आतंकियों को घेरा था. मुठभेड़ में सेना का एक हवलदार शहीद हो गया. भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने X पर रैंक 6 PARA SF के शहीद हवलदार झंटू अली शेख को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान हमारे एक बहादुर जवान को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हालांकि, आतंकियों का पता नहीं लग सका और उनके इलाके से बचकर भाग निकलने की संभावना है.





