भारत

बांदीपोरा में छिपे है आतंकी, मुठभेड़ जारी

Nilmani Pal
25 April 2025 7:40 AM IST
बांदीपोरा में छिपे है आतंकी, मुठभेड़ जारी
x

जम्मू। बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच आज सुबह मुठभेड़ हुई. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बांदीपुरा जिले के कुलनार बाजीपोरा इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था.

उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों द्वारा सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया. घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और ग​हन तलाशी अभियान चला रहे हैं.

पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच यह चौथा एनकाउंटर है. इससे पहले गुरुवार को सुरक्षाबलों ने उधमपुर के डूडू बसंतगढ़ में कुछ आतंकियों को घेरा था. मुठभेड़ में सेना का एक हवलदार शहीद हो गया. भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने X पर रैंक 6 PARA SF के शहीद हवलदार झंटू अली शेख को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान हमारे एक बहादुर जवान को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हालांकि, आतंकियों का पता नहीं लग सका और उनके इलाके से बचकर भाग निकलने की संभावना है.

बांदीपोरा पुलिस ने कल लश्कर-ए-तैयबा के चार ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने बताया कि उन्हें इंटेल इनपुट मिली थी कि लश्कर से जुड़े कुछ ओवर ग्राउंड वर्क पुलिस और गैर स्थानीय लोगों पर हमला करने की फिराक में हैं. इस खुफिया सूचना के आधार पर बांदीपोरा पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया और जिले में विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी की. चेकिंग के दौरान मोहम्मद रफीक खांडे और मुख्तार अहमद डार को पकड़ा गया और उनके पास से अवैध हथियार गोला-बारूद बरामद किए गए, जिसमें दो चीनी हैंड ग्रेनेड, एक 7.62 एमएम मैगजीन और 7.62 एमएम बुलेट्स के 30 राउंड शामिल थे.


Next Story