भारत

घर बैठे 2200 में बिक रही सेब पेटी, दाम अच्छे मिलने से बागबान खुश

Shantanu Roy
9 July 2026 4:21 PM IST
घर बैठे 2200 में बिक रही सेब पेटी, दाम अच्छे मिलने से बागबान खुश
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष सेब सीजन ने एक बिलकुल अलग तस्वीर पेश की है। एक ओर प्रतिकूल मौसम के कारण सेब उत्पादन में भारी गिरावट आई है, तो दूसरी ओर कम फसल ने बाजार में मांग इतनी बढ़ा दी है कि बागबानों को उम्मीद से कहीं बेहतर दाम मिलने लगे हैं। प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में टाईडमैन वैरायटी की आमद शुरू होते ही कारोबारी सीधे बगीचों में पहुंचकर खड़ी फसल के सौदे कर रहे हैं। कई स्थानों पर बागबानों को घर बैठे ही 20 किलो की एक पेटी के 2000 से 2200 रुपए तक मिल रहे हैं। इससे न केवल किसानों को अच्छा मूल्य मिल रहा है, बल्कि उन्हें तुड़ान, ग्रेडिंग, पैकिंग, परिवहन और मंडी तक पहुंचाने जैसी परेशानियों से भी राहत मिली है।
बागबानी विभाग के ताजा आकलन के अनुसार वर्ष 2026-27 में हिमाचल में कुल दो करोड़ 18 लाख 35 हजार 350 पेटियां सेब उत्पादन होने का अनुमान है। पिछले वर्ष प्रदेश में तीन करोड़ 49 लाख 93 हजार 800 पेटियां सेब पैदा हुआ था। यानी इस बार करीब एक करोड़ 31 लाख 58 हजार 450 पेटियों की भारी कमी रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में बागबानी का रकबा लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में प्रदेश में दो लाख 37 हजार 368 हेक्टेयर क्षेत्र बागवानी के अंतर्गत है, जो कुल कृषि क्षेत्र का लगभग 26 प्रतिशत है। अकेले सेब का क्षेत्र एक लाख 16 हजार 338 हेक्टेयर तक पहुंच चुका है। वर्ष 1950-51 में यह क्षेत्र मात्र 400 हेक्टेयर था। इसके बावजूद उत्पादन में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हो सकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन, घटती चिलिंग अवधि और मौसम के बदलते स्वरूप के कारण उत्पादन पर लगातार दबाव बना हुआ है।
Next Story