
जम्मू-कश्मीर। भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा प्रभावित हुई है. बालटाल के रेलपथरी में बुधवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 8 तीर्थ यात्री घायल हो गए. सैकड़ों तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया. राजस्थान की रहने वाली तीर्थ यात्री सोना बाई (55) को अचेत अवस्था में अपर रेलपथरी से बेस कैंप अस्पताल बालटाल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस बीच गुरुवार को खराब मौसम के पूर्वानुमान के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी गई है. पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए गुरुवार को जम्मू से यात्रियों का कोई नया जत्था रवाना नहीं होगा. बालटाल मार्ग पर रेलपथरी के पास जेड मोड़ पर बारिश का पानी पहाड़ से अपने साथ मलबा लेकर यात्रा ट्रैक पर आ गया, जिससे रूट बाधित हो गया. इस घटना में करीब 8 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी चिकित्सा सुविधा केंद्र में इलाज के लिए पहुंचाया गया.
अमरनाथ यात्रा के दौरान मौसम और सुरक्षा पर प्रशासन का विशेष ध्यान है. स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल तीर्थ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. मौसम विभाग ने कल भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. इस कारण लैंडस्लाइड और मडस्लाइड का भी खतरा है. इस कारण अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू यात्री निवास से गुरुवार को कोई जत्था रवाना नहीं होगा. मौसम ठीक होने पर प्रशासन श्रद्धालुओं को यहां से रवाना करेगा. इससे पहले जम्मू से 15 जत्थों को बालटाल ट्रैक से होकर पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए रवाना किया जा चुका है.





