भारत

हरशिंग धार में 5 करोड़ की लागत से बनेगी सडक़

Shantanu Roy
17 July 2026 5:54 PM IST
हरशिंग धार में 5 करोड़ की लागत से बनेगी सडक़
x
Shimla. शिमला। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के चनावग में आयोजित पारंपरिक हरशिंग धार मेले के मंच से प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने क्षेत्र को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने पांच करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली पटियार-घाटरु-बैरटीनाला वाया सीतरी जांयन संपर्क सडक़ का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जूड-खुराना संपर्क सडक़ की आधारशिला रखी तथा 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला जूड (जुडलू) के नए भवन का लोकार्पण किया। हरशिंग धार मेले में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्षेत्र की चिरलंबित दोनों संपर्क सडक़ों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने मेला समिति की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का
आश्वासन दिया।


इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि हरशिंग धार देवस्थल के समीप एक बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि चनावग से हरशिंग धार देवस्थल तक मुख्य सडक़ की मेटलिंग और टायरिंग का कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर के निकट बनाए जा रहे बड़े वाहन पार्किंग स्थल का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा जोटरु से गांव तक तथा छामला डोरा से हरशिंग धार तक सडक़ निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति को 51 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, महासचिव बेसर दास हरनौट, मेला समिति के प्रधान परसराम वर्मा, महासचिव कृष्ण ठाकुर, बीडीसी सदस्य मेद राम, ग्राम पंचायत चनावग के प्रधान जगदीश चंद वर्मा, उपप्रधान उमा शंकर, अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल, बीडीओ बसंतपुर वीरेंद्र नेगी, आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Next Story