7 लोगों की मौत, भारी बारिश से आकाशीय बिजली और दीवार गिरने की घटनाएं

यूपी। उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है. लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में गुरुवार को कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आज (10 जुलाई) भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में लोगों की जान गई. वहीं, नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज और लखनऊ समेत कई शहरों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क धंसने जैसी घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. संत कबीर नगर के मेहदावल तहसील में खेतों में काम कर रहीं 17 वर्षीय चांदनी और 60 वर्षीय वरसाना की अलग-अलग गांवों में आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई. प्रशासन ने दोनों मामलों की रिपोर्ट तलब करते हुए मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता देने की बात कही है. वहीं कुशीनगर के थड़िभार गांव में 14 वर्षीय राहुल कुमार खेत की मेड़ पर खड़ा था, तभी उस पर बिजली गिर गई. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव में भारी बारिश के कारण एक दीवार अस्थायी टेंटों पर गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए. इनमें से दो घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और किसी अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका नहीं है.
शामली के थाना भवन कस्बे में लगातार बारिश के दौरान टिन शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय शाहिद की मौत हो गई. हादसे में उनके दो बेटे अमन (17) और नोमान (15) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. गाजियाबाद के विजय नगर क्षेत्र की सर्वोदय कॉलोनी में बारिश के पानी से भरे नाले में गिरने से तीन वर्षीय पल्लवी की मौत हो गई. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.





