उत्तराखंड

Rishikesh:संविदाकर्मी महिला की गोली मारकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

Sarita
1 Feb 2026 9:31 AM IST
Rishikesh:संविदाकर्मी महिला की गोली मारकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस
x
Rishikeshऋषिकेश : उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक महिला की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि महिला एम्स ऋषिकेश में संविदा पर काम करती थी। महिला की शनिवार देर रात शिवाजीनगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद अज्ञात हमलावर फरार हो गया। पुलिस ने महिला को एम्स पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की वारदात ने सनसनी मचा दी है। मामले में एसपी रूरल, जया बलूनी ने बताया कि पुलिस को रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि शिवाजी नगर में एक महिला को गोली मारी गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो महिला गंभीर रूप से घायल मिली। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय प्रीति रावत किराए के मकान में अकेली रहती थी। शनिवार रात करीब 9:30 बजे अज्ञात हमलावर घर के बाहर पहुंचा और दरवाजे की जाली से प्रीति पर फायर कर दिया। महिला के सीने में एक गोली सीधे जाकर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग प्रीति के घर तक पहुंचे। घटना को देखते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस गोली लगने से लहूलुहान महिला को लेकर एम्स पहुंची।
महिला की रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। एम्स के पीआरओ डॉ. श्रीलॉय मोहंती ने महिला की मौत की पुष्टि की है। वहीं,
घटनास्थल
पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। पुलिस भी आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात हमलावर के बारे में जानकारी जुटा रही है।प्रीति के आठ साल का एक बेटा होने का दावा किया गया है। उसका बेटा अपने नाना-नानी के पास मोहनचट्टी में रहता है। कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने घटना को लेकर कहा कि पुलिस की कई टीमें फरार अज्ञात हमलावर की तलाश में जुट गई हैं। वहीं, एसपी रूरल ने कहा कि घटना की सभी एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।
प्रीति की गोली मारकर हत्या मामले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात के बाद शिवाजीनगर क्षेत्र के सहमे लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय में गस्त कम रहती है। इस घटना ने अकेले रहने वाले लोगों को सहमा दिया है। साथ ही, कई गलियों की स्ट्रीट लाइटों के बंद होने के कारण अंधेरे का मुद्दा भी लोग उठाने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग शुरू कर दी है।
Next Story