उत्तराखंड

Nainital: पिता-पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत

Sarita
18 May 2025 8:33 AM IST
Nainital: पिता-पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत
x
Nainital नैनीताल: जिला मुख्यालय के निकट कालाढूंगी रोड पर स्थित बाजून के पास ग्वाला बाजून गांव में पिता-पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव 300 मीटर दूर अलग-अलग घरों में पड़े मिले। दोनों को बीडी पांडे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 21 वर्षीय भावना जोशी ग्वाला बाजून गांव में अपने घर के एक कमरे में बिस्तर पर पड़ी मिली और उसके पिता 45 वर्षीय गोपाल दत्त जोशी यहां से करीब 300 मीटर दूर स्थित अपने पिता के घर की रसोई में फर्श पर बेजान पड़े मिले। पिता के मुंह से काफी सफेद झाग निकल रहा था। ग्रामीण दोनों को बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मौत का कारण संदिग्ध जहर बताते हुए दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिक कार्रवाई करते हुए शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्री गांव में एक घर में रहते थे। शुक्रवार रात को घर में किसी बात को लेकर पिता-पुत्री में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में बेटी ने जहर खा लिया और उसकी मौत हो गई। इससे घबराए उसके पिता ने रात करीब 10 बजे खुद भी जहर खा लिया और करीब 300 मीटर दूर स्थित अपने बुजुर्ग पिता के घर जाकर रसोई में बेहोश होकर गिर पड़े। घटना का पता शनिवार सुबह चला। मृतक डीएसबी कैंपस नैनीताल में बीए अंतिम सेमेस्टर की छात्रा थी, जबकि पिता किसान थे।
Next Story