उत्तराखंड

Kedarnath Dham: सीजन की पहली बर्फबारी, खुशी से झूम उठे भोले बाबा के भक्त

Sarita
4 Jun 2025 8:18 AM IST
Kedarnath Dham: सीजन की पहली बर्फबारी, खुशी से झूम उठे भोले बाबा के भक्त
x
Kedarnath Dham : जून के पहले सप्ताह में उत्तराखंड का मौसम सुहाना बना हुआ है। क्योंकि राज्य में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है। केदारनाथ धाम में आज सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली। बर्फबारी से मंदिर परिसर और आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। यह अद्भुत नजारा देख बाबा भोले के दर्शन करने के लिए केदारनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालु रोमांचित हो उठे। बर्फबारी शुरू होते ही श्रद्धालु खुशी से झूम उठे।
बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम यात्रा सुरक्षित चल रही है। पुलिस सुरक्षा के बीच श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए कतार में लगे हुए हैं। अचानक मौसम में आए बदलाव के बीच केदारनाथ धाम में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी भी हुई। बर्फबारी का यहां मौजूद श्रद्धालुओं ने खूब लुत्फ उठाया। पल-पल बदल रहे मौसम के बीच केदारनाथ धाम परिसर में हल्की धूप खिली हुई है। वहीं ऊपर पहाड़ियों में बर्फबारी हो रही है।
कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोले के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। धाम में भगवान भोलेनाथ के जयकारों की गूंज कानों में सुनाई दे रही है। श्रद्धालुओं ने बर्फबारी का लुत्फ उठाते हुए वीडियो और फोटो खींचे। बता दें कि इस साल 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। इन दिनों यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अब तक 7.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
Next Story