भारत

थाने में भाजपा नेता के साथ बदसलूकी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लाइन हाजिर

Nilmani Pal
4 Jun 2025 7:01 AM IST
थाने में भाजपा नेता के साथ बदसलूकी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लाइन हाजिर
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। गोरखपुर में साहिवाल नस्ल का सांड लेकर जा रहे एक डेयरी संचालक और उसी पैरवी में थाने आए भाजपा नेता के साथ बदसलूकी पुलिसवालों को भारी पड़ गई। शिकायत पर जांच कराकर एसएसपी ने एक दरोगा और दीवान को लाइन हाजिर कर दिया है। सोमवार को पीड़ित लोगों ने एसएसपी से मुलाकात की थी। इसके बाद एसएसपी ने जांच के आदेश दिए थे।

मिली जानकारी के अनुसार संचालक सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बन्हैता गांव के निवासी प्रदुम्न सिंह एक जून को हरिहरपुर सरकारी गौशाला से अपनी डेयरी के लिए साहिवाल नस्ल का एक सांड लेकर जा रहे थे। इस दौरान किसी ने पुलिस को पशु तस्करी की सूचना दे दी थी। दुघरा बाजार पुलिस चौकी के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया था। आरोप है कि प्रदुम्न सिंह द्वारा सभी साक्ष्य दिखाए जाने के बाद भी पुलिस ने उनके साथ ज्यादती करते हुए मारपीट की, अपशब्द कहे और दुर्व्यवहार किया। सिकरीगंज थाने में शिकायत लेकर पहुंचने पर उनकी पैरवी में पहुंचे भाजपा के महदेवा बाजार मंडल अध्यक्ष दुर्गेश पटवा के साथ भी सिकरीगंज थाने के दीवान ने दुर्व्यवहार किया और धकेल दिया था।

मामले में नाराजगी जताते हुए पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीराम चौहान ने कड़े शब्दों एसएसपी से कार्रवाई को कहा था। सोमवार को दुर्गेश पटवा के साथ दर्जनों भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी राजकरण नैय्यर से मुलाकात कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना था कि दरोगा और दीवान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बदसलूकी की। इसके लिए उनके खिलाफ एक्शन होना ही चाहिए। भाजपा नेता और डेयरी संचालक के साथ बदसलूकी को लेकर उनके जानने वालों में आक्रोश था। अब आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई से उन्हें संतोष हुआ है।

Next Story