Chinyalisaur: वार्ड 3 की सड़कों पर नाले का पानी, पैदल चलना मुश्किल

उत्तरकाशी: नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के वार्ड 3 में श्यामपुर शुलीठांग मार्ग पर फैली गंदगी से राहगीरों को परेशानी हो रही है। हालात इस कदर हैं कि बिना बारिश कि सड़कों पर तालाब बने रहते हैं । सुबह नालियों का गंदा पानी इस कदर फैलता है कि देखने वाले को यही लगता है कि कुछ देर पहले तेज बारिश हुई होगी।
नालियों के पानी से गंदी बदबूयुक्त वातावरण रहता है। इससे मौसमी बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।गंदे पानी की निकासी नहीं होने से दुकानदारों, किराएदारों, राहगीरों और ग्रामीणों को लगातार परेशानी हो रही है। इससे यहां से निकलने वाले लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क के दोनों तरफ गंदा पानी जमा रहता है।
सफाई नहीं होने के साथ साथ यहां नालिया नहीं होने से पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। इससे सड़क की टाइल भी निकलने लगी है और लोगों को भी दिक्कत हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता गंभीर सिंह रावत ने नगर पालिका परिषद से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।





