उत्तर प्रदेश

विश्वामित्र ने यज्ञ रक्षा के लिए राम-लक्ष्मण को मांगा, ताड़का वध का भावपूर्ण मंचन

Gulabi Jagat
16 Jun 2025 10:57 PM IST
विश्वामित्र ने यज्ञ रक्षा के लिए राम-लक्ष्मण को मांगा, ताड़का वध का भावपूर्ण मंचन
x
Rajapakad/कुशीनगर : तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत बरवाराजापाकड़ के बहुरिया टोला स्थित हनुमान सरोवर मंदिर परिसर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीरामचरितमानस नवाह्न परायण महायज्ञ के तीसरे दिन शनिवार की रात्रि कलाकारों ने विश्वामित्र मुनि का राजा दशरथ के दरबार में आना, यज्ञ रक्षा हेतु राम लक्ष्मण को मांगना, ताड़का वध का मंचन किया।
श्रीराम जानकी मिथिलांचल आदर्श बाल रामलीला मंडल, अयोध्या के कलाकारों ने निर्देशक स्वामी बाल व्यास निराला के मार्गदर्शन में मंचन के दौरान दिखाया कि महर्षि विश्वामित्र राजा दशरथ के दरबार में पधारते हैं और यज्ञ में राक्षसों द्वारा विघ्न उत्पन्न करने की समस्या बताते हुए यज्ञ रक्षा के लिए राम व लक्ष्मण को मांगते हैं। राजा दशरथ संतान स्नेह में व्याकुल हो जाते हैं, किन्तु गुरु वशिष्ठ के समझाने पर वे अपने पुत्रों को विश्वामित्र के साथ भेजने के लिए सहमत हो जाते हैं।
इसके उपरांत कलाकारों ने ताड़का वध प्रसंग का जीवंत मंचन किया। इसमें दिखाया गया कि कैसे राम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ वन गमन करते हैं और मार्ग में उन्हें ताड़का नामक राक्षसी का सामना करना पड़ता है। ताड़का अत्यंत शक्तिशाली और आतंक फैलाने वाली होती है, किन्तु श्रीराम गुरु के आदेश पर ताड़का का संहार कर यज्ञ स्थल की रक्षा सुनिश्चित करते हैं। मंचन के दौरान विश्वामित्र की भूमिका में संतोष झा, दशरथ की भूमिका में गगन देव शास्त्री, राम की भूमिका में अर्जुन झा, लक्ष्मण की भूमिका में विक्की झा, कौशल्या की भूमिका में लक्ष्मण, मारीच की भूमिका में रितेश पाठक, सुबाहु की भूमिका में राहुल झा और ताड़का की भूमिका में मुनचुन झा ने जीवंत अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन समिति के महंत नारायण दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
Next Story