उत्तर प्रदेश

Uttar Pradesh: घने कोहरे के साथ शीतलहर का कहर ,इन 22 जिलों में अलर्ट जारी

Sarita
16 Dec 2025 9:20 AM IST
Uttar Pradesh: घने कोहरे के साथ शीतलहर का कहर ,इन 22 जिलों में अलर्ट जारी
x
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। प्रदेश के कई शहरों में रात से ही कोहरे का असर दिखाई देने लगा। कोहरे के कारण सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही और विजिबिलिटी कई जगहों पर 50 से 100 मीटर तक सीमित हो गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 16 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई शहरों में घना कोहरा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को प्रदेश के 22 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों में शामिल हैं: वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, आजमगढ़, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, कुशीनगर, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा।
इसके अलावा, इन जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है: सीतापुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, रामपुर, बरेली, श्रावस्ती, बहराइच, अलीगढ़, बदायूं, झांसी, ललितपुर और बलरामपुर। बीते 24 घंटे में आगरा, बरेली, मुरादाबाद और प्रयागराज में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा रहा। वहीं इटावा में रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस दौरान सबसे ठंडी रात थी।
राजधानी लखनऊ में भी सुबह की शुरुआत कोहरे से होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि सुबह के समय लखनऊ में मध्यम कोहरा रहेगा, लेकिन दिन बढ़ने के साथ मौसम सामान्य होगा। लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। नोएडा में भी मौसम इसी तरह रहने का अनुमान है।
Next Story