उत्तर प्रदेश

Uttar Pradesh: मछली से भरा कैंटर बेकाबू होकर पलटा, अफरा-तफरी

Sarita
22 Dec 2025 7:17 AM IST
Uttar Pradesh: मछली से भरा कैंटर बेकाबू होकर पलटा, अफरा-तफरी
x
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मछलियों से भरा एक कैंटर बेकाबू होकर पलट गया। हादसा रटौल गांव के पास हुआ। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि जख्मी ड्राइवर की मदद करने के बजाय वहां मौजूद भीड़ और राहगीरों के बीच सड़क पर बिखरी मछलियां लूटने की होड़ मच गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, मछलियों से भरा यह कैंटर तेज रफ्तार में एक्सप्रेस-वे से गुजर रहा था। रटौल गांव के पास अचानक वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कैंटर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान वाहन में लदी मछलियां सड़क पर बिखर गईं।देखते ही देखते हाईवे पर मछलियां बटोरने की होड़ मच गई। लोग थैले, बोरे और हाथों में मछलियां भरकर ले जाते नजर आए। इस दौरान ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। तेज रफ्तार वाहनों के बीच लोगों की मौजूदगी से एक और बड़े हादसे का खतरा बना रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की और लोगों को समझाइश दी। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि कंटेनर कहां से आ रहा था और मछलियों की ढुलाई से जुड़े दस्तावेज पूरे थे या नहीं। फिलहाल हालात सामान्य हैं।
Next Story