उत्तर प्रदेश

Up News: लकड़ी की फंटी से ताबड़तोड़ हमलाकर युवक की हत्या

Sarita
18 Aug 2025 8:48 AM IST
Up News: लकड़ी की फंटी से ताबड़तोड़ हमलाकर युवक की हत्या
x
Up News: उन्नाव-लालगंज हाईवे पर सेमरी के गौतमखेड़ा गांव के किनारे बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक की लकड़ी के डंडे से हमला कर हत्या कर दी। घटना से गौतमनखेड़ा मोड़ पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, उन्होंने मौके पर हंगामा किया और गौतमनखेड़ा मोड़ पर जाम लगा दिया। इस दौरान हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। करीब एक घंटे तक पुलिस परिजनों को समझाती रही, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस तहरीर के अनुसार कार्रवाई की बात कहकर परिजनों को शांत कराने का प्रयास करती रही।
पूरे जबर सिंह मजरा मेड़मऊ गांव निवासी जयशंकर का पुत्र मंदीप (25) रविवार शाम छह बजे महारानीगंज स्थित अपनी मोबाइल की दुकान बंद कर गौतमनखेड़ा मजरा लच्छीपुर गांव में अपने नाना शंकर पासी के घर आया था। रात करीब आठ बजे वह बाइक से घर के लिए निकला। रास्ते में गौतमनखेड़ा गांव के किनारे से गुजरे उन्नाव लालगंज हाईवे पर बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंदीप पर लकड़ी के डंडे से हमला किया गया। उसके सिर पर डंडे के टूटे हुए टुकड़े मिले। जब तक बाइक सवारों का पीछा किया जाता, तब तक वे भाग निकले। घटना की जानकारी मंदीप के मामा बालकिशन को मिली तो वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खीरों एसएचओ संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने मौके की जांच की तो मंदीप के हाथ में बाइक की चाबी मिली। बाइक एक तरफ खड़ी थी। लकड़ी के टूटे हुए टुकड़े भी मिले। इस दौरान परिजनों ने पुलिस के सामने घटना पर रोष जताया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने का प्रयास किया तो आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया और सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ लालगंज गिरिजा शंकर त्रिपाठी पहुंचे और परिजनों से बात की। मंदीप मोबाइल रिपेयरिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंदीप की पहले सेमरी चौराहा पर मोबाइल रिपेयर की दुकान थी। वर्तमान में उनकी दुकान महारानीगंज में है। मंदीप की पत्नी सोनी को जब पति की हत्या की खबर मिली तो वह बदहवास हो गईं।
मंदीप के एक बेटा और एक बेटी है। परिजनों का कहना है कि मंदीप की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उधर, पुलिस लोहे की रॉड से हमले को घटना की पृष्ठभूमि से जोड़ रही है। पुलिस का मानना है कि हमलावर युवकों और मंदीप के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई होगी। इसी वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जांच की जा रही है।
Next Story