उत्तर प्रदेश

Up News: घर के अंदर से महिला को उठा ले गया बाघ, घटना से मचा हड़कंप

Sarita
4 Jun 2025 7:17 AM IST
Up News: घर के अंदर से महिला को उठा ले गया बाघ, घटना से मचा हड़कंप
x
Up News: घर के अंदर से नल पर बर्तन धो रही महिला को बाघ उठा ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर हजारा थाने की टीम मौके पर पहुंची। महिला का खून से लथपथ शव घर के पास से बरामद हुआ है। घटना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। घटना मंगलवार देर रात थाना हजारा क्षेत्र के गांव शांतिनगर के पास रामनगर तिराहा पर हुई। स्थानीय निवासी राम किशोर की पत्नी रेशमा देवी (45) देर रात घर में नल पर बर्तन धो रही थी।
ग्रामीणों के मुताबिक इसी दौरान खेतों की तरफ से एक बाघ आया और घर में घुस आया। बाघ ने रेशमा पर हमला कर दिया और उसे पकड़कर घर से बाहर ले गया। यह देख घर पर मौजूद अन्य परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। बाघ की जानकारी मिलते ही लोग लाठी-डंडे लेकर एकत्र हो गए। इसके बाद महिला की तलाश शुरू की गई।
करीब एक घंटे बाद घर से करीब छह सौ मीटर दूर जंगल से महिला का शव बरामद हुआ। महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पुलिस को दी गई तो थाना प्रभारी हजारा सिद्धार्थ उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की एक नहीं सुनी। हंगामा बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई।
जिसके बाद आसपास के थानों की फोर्स भी बुला ली गई। ग्रामीण बाघ को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। मृतका के तीन बच्चे हैं। एसओ हजारा सिद्धार्थ उपाध्याय ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर गई थी। शव बरामद कर लिया गया है।
Next Story