उत्तर प्रदेश

UP News: गणेश विसर्जन के बाद हाथापाई, रॉड से हमला, एक युवक की मौत

Sarita
8 Sept 2025 7:23 AM IST
UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस से लौट रहे एक युवक पर हमला किया गया। आज सर्राफा बाजार स्थित एक दुकान पर काम करने वाले 25 वर्षीय नितिन की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि कुछ युवकों ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह कोमा में चला गया। इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मठ की चौकी इलाके की है। यहां की निवासी यशोदा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 सितंबर की रात उनका बेटा नितिन गणेश विसर्जन जुलूस से लौट रहा था। उसी दौरान श्यामगंज निवासी राहुल, अंकित और दो अन्य युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले कहासुनी हुई और फिर नितिन को गली में घेरकर लोहे की रॉड और डंडों से पीटा गया। हमले के बाद नितिन को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर में गहरी चोट और ब्रेन हेमरेज हुआ है। इलाज के दौरान वह कोमा में चला गया और कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। आज उसकी मौत हो गई। नितिन की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। मां यशोदा देवी और बहन रितु कश्यप का रो-रोकर बुरा हाल है। रितु ने बताया कि गली से गुजर रहे आरोपियों ने उसके भाई को बिना किसी वजह घेर लिया और बेरहमी से पीटा। यही पिटाई उसकी मौत का कारण बनी। परिजनों का कहना है कि नितिन मेहनती और सीधा लड़का था, उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर शुरू से ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती तो शायद नितिन की जान बच सकती थी। अब परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।
कोतवाल अमित पांडे ने बताया कि गणेश विसर्जन शोभा यात्रा के बाद दो गुटों में झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े में नितिन पर हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नितिन की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे की धाराएँ बढ़ाई जाएँगी।
नितिन की मौत की खबर से मठ की चौकी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली। हर कोई यह सोचकर डरा हुआ है कि शोभा यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन के बाद ऐसा खून-खराबा क्यों हुआ? नितिन की असामयिक मौत ने परिवार और मोहल्ले के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
Next Story