उत्तर प्रदेश

UP News: तेज रफ्तार ई-ऑटो ने सब्जी के ठेले को मारी टक्कर, बच्चे की मौत

Sarita
18 Aug 2025 8:55 AM IST
UP News:  तेज रफ्तार ई-ऑटो ने सब्जी के ठेले को मारी टक्कर, बच्चे की मौत
x
UP News: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर में रविवार दोपहर सवारियों से भरा एक तेज़ रफ़्तार ई-ऑटो अनियंत्रित होकर एक सब्ज़ी के ठेले से टकरा गया। हादसे में कोमल की गोद में बैठा चार साल का अभ्यांश सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे में कोमल और दो अन्य लोग भी घायल हो गए।
बिजनौर के कमलापुर में रहने वाले राजगीर अरविंद रावत के मुताबिक, उनकी पत्नी कोमल (23) अपने बेटे अभ्यांश (4) के साथ ई-ऑटो से बंथरा बाजार जा रही थीं। ऑटो में उन्नाव जिले के सोहरामऊ निवासी गोले प्रसाद (45) और दरोगा खेड़ा निवासी मुलायम यादव (30) भी सवार थे।
पुलिस ने बताया कि कानपुर रोड स्थित कृष्णलोक कॉलोनी के पास एक तेज़ रफ़्तार ई-ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर एक सब्ज़ी के ठेले से टकरा गया। हादसे में अभ्यांश कोमल की गोद से गिरकर घायल हो गया। कोमल, गोले और मुलायम भी घायल हो गए।
पुलिस घायलों को इलाज के लिए सरोजनीनगर सीएचसी ले गई। वहाँ डॉक्टरों ने अभ्यांश को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने घायल कोमल को लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया। गोले और मुलायम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अरविंद का आरोप है कि आरोपी टेंपो चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। अरविंद के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और एक बेटी काव्या हैं।
Next Story