उत्तर प्रदेश

UP News: चेकिंग के दौरान ट्रक के अंदर से अंग्रेजी शराब बरामद , चालक गिरफ्तार

Sarita
27 Dec 2025 10:06 AM IST
UP News: चेकिंग के दौरान ट्रक के अंदर से अंग्रेजी शराब बरामद , चालक गिरफ्तार
x
UP News: सोनभद्र जिले से सटे अंतरराज्यीय सीमाओं के रास्ते शराब की तस्करी नहीं थम रही। पिपरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रक के अंदर से 260 पेटी में 7440 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसे आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया था। ट्रक से यह शराब झारखंड के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। बता दें कि इससे पहले चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर शराब झारखंड पहुंचाने का मामला भी पिछले माह उजागर हुआ था।
क्रिसमस और नव वर्ष के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत पिपरी एसओ सत्येंद्र कुमार व एसओजी के एसआई बृजेश दुबे की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुर्धवा-खाड़पाथर मार्ग पर बाबूराम डिग्री कॉलेज के पास एक लाल रंग के ट्रक को रोका।तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कुल 260 पेटी में 7440 शीशी अंग्रेजी शराब रखी गई थी, जिसकी कीमत करीब 17 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रक चालक पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला निवासी नवजोत सिंह (35) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक में ऊपर सड़ी हुई आलू की बोरियां लदी हैं और उनके नीचे पंजाब निर्मित रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई हैं, जिन्हें बिना किसी वैध कागजात के बिहार ले जाया जा रहा था। चालक ने यह भी बताया कि यह शराब धीरज सिंह नामक व्यक्ति की है, जो लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त है। तलाशी के दौरान चालक के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 250 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस ने चालक नवजोत सिंह, ट्रक मालिक हिमाचल के कांगड़ा निवासी पवन कुमार और धीरज सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए शराब और ट्रक को सीज कर दिया है।
चालक ने पूछताछ में बताया कि उसे शराब की खेप सकुशल पहुंचाने पर प्रति चक्कर 30 हजार रुपये मिलते थे। वाहन पर फास्टैग नहीं लगा है। सभी टोल बूथ पर नकद भुगतान ही किया जाता है। धीरज सिंह उसे फोन पर ही बताता था कि शराब की खेप कहां पहुंचानी है।पिपरी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने झारखंड के रास्ते बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
Next Story