- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News : कार की टक्कर...

x
Up News : यूपी के हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के सरावनी गांव में स्कॉर्पियो कार की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक इस्लामुद्दीन (55 वर्ष) पुत्र शराफत अली की मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। इसी बीच उपद्रवियों ने कार में आग लगा दी। तभी तीन थानों की पुलिस पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।जानकारी के अनुसार, सरावनी गांव निवासी इस्लामुद्दीन ई-रिक्शा चलाता है। रविवार को जैसे ही वह अपना ई-रिक्शा लेकर गांव के पास पहुंचा, कार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई और ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जाम की सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने शराब का ठेका हटाने और कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसी बीच उपद्रवियों ने आरोपी की कार में आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार स्वाति गुप्ता, सीओ वरुण मिश्रा, सिंभावली थाना प्रभारी सुमित तोमर, हापुड़ देहात थाना प्रभारी विजय गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। दमकल विभाग की टीम ने कार में लगी आग पर काबू पाया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गाँव का माहौल शांत है।
Next Story





