उत्तर प्रदेश

Up News: श्रद्धालुओं के वाहन में टक्कर, पुलिसकर्मी से हाथापाई

Sarita
20 Feb 2025 9:12 AM IST
Up News: अयोध्या में श्रद्धालुओं के वाहन में टक्कर मारकर भाग रहे चालक को जब रोका गया तो नशे में धुत ट्रक चालक व सह चालक ने सड़क पर पुलिस से हाथापाई व गाली-गलौज की। पुलिस कर्मियों ने चालक को ट्रक समेत थाने ले जाने का प्रयास किया तो चालक ने ट्रक पुलिस की बाइक पर चढ़ा दिया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को थाने ले गया। दोनों आरोपियों ने थाने में भी ड्रामा किया। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया। मामला हैदरगंज थाना क्षेत्र के जाना बाजार का है। तेज रफ्तार ट्रक ने बाहर से जा रहे श्रद्धालुओं की कार में टक्कर मार दी और बाजार से होते हुए हैदरगंज की तरफ तेज गति से भागने लगा।
इस दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच हैदरगंज के ब्रह्म बाबा चौराहे से पहले पीआरबी पुलिस ने ट्रक को रोक लिया। ट्रक चालक ने पुलिस कर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाने के उपनिरीक्षक बुद्धिमान सिंह व कांस्टेबल मोहित यादव मौके पर पहुंचे और सड़क पर लगे भीषण जाम को खुलवाया तथा ट्रक चालक से ट्रक को थाने ले जाने को कहा। ट्रक चालक ने पुलिसकर्मियों से भी गाली-गलौज शुरू कर दी। यह देख आसपास के लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस से ट्रक को थाने ले जाने को कहा।
किसी तरह पुलिस ट्रक को थाने ले जाने लगी तो चालक ने पुलिस की बाइक पर ट्रक चढ़ा दिया। उसने सामने से आ रही पुलिस की बाइक को भी रौंदने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मी बाइक समेत खाई की ओर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। देर शाम तक जारी रहे ट्रक चालक व उसके साथी के ड्रामे के चलते सड़क पर जाम लग गया।
Next Story