उत्तर प्रदेश

UP News: नाइट ड्यूटी के लिए गई युवती का संदिग्ध हालत में शव मिला

Sarita
28 March 2025 11:24 AM IST
UP News: नाइट ड्यूटी के लिए गई युवती का संदिग्ध हालत में शव मिला
x
UP News: यूपी के प्रतापगढ़ जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवती नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकली थी, जिसका शव मिला है। वहीं परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर उतरकर हंगामा करना शुरू कर दिया है। तनाव के बीच पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई है। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव किया, जिसमें सीओ रानीगंज को भी गंभीर चोटें आई हैं। शव मिलने के बाद परिजनों ने किया हंगामा दरअसल पूरा मामला रानीगंज इलाके के दुर्गागंज का बताया जा रहा है।
यहां मां मल्टीस्पेशलिटी क्लीनिक एंड हॉस्पिटल में गुरुवार शाम नाइट ड्यूटी करने गई बांसी निवासी एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती रात 8 बजे निकली थी और रात 11 बजे उसका शव बरामद हुआ। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने आधी रात को हंगामा करना शुरू कर दिया। घटना के 12 घंटे बाद भी पुलिस को शव को अपने कब्जे में लेने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लड़की की मौत के बाद हंगामा कर रहे परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प
फिलहाल पुलिस और प्रदर्शन कर रहे परिजन आमने-सामने हैं। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को अपने कब्जे में लेने गई पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प भी हुई है। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इसके जवाब में पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में रानीगंज सीओ विनय प्रभाकर साहनी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
Next Story