- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP News: ऑटो सवार...
उत्तर प्रदेश
UP News: ऑटो सवार लड़की की गर्दन ट्रैक्टर के हल में फंसी, दर्दनाक मौत
Sarita
4 July 2025 7:04 AM IST

x
UP News: फिरोजाबाद के सिरसागंज में करहल पुल से पहले ट्रैक्टर और ऑटो में भिड़ंत हो गई। हादसे में मैनपुरी से दवा लेने आ रही युवती की गर्दन ट्रैक्टर के हल में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जबकि हादसे में चार अन्य लोग घायल हो गए। मैनपुरी के करहल के गांव खेड़ा महान निवासी प्रियंका (20) पेट की समस्या से पीड़ित थी। वह गुरुवार सुबह दवा लेने के लिए ऑटो से शिकोहाबाद की ओर आ रही थी। ऑटो करहल पुल के पास पहुंचा ही था कि पीछे से एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ऑटो पलट गया। ऑटो में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला।
ऑटो में बैठी प्रियंका की गर्दन ट्रैक्टर के हल में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्रियंका के भतीजे अभिषेक ने बताया कि वह छह बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। उसके पिता की मौत हो चुकी है। सिरसागंज थाना प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। विष्णु दयाल, विजरानी, गुड़िया निवासीगण ककरऊ कोठी फिरोजाबाद व अवनीश निवासी नगला छीते सिरसागंज घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
Next Story





