उत्तर प्रदेश

UP News: बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत, ओलावृष्टि से भारी नुकसान

Sarita
11 April 2025 6:11 AM IST
UP News: बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत,  ओलावृष्टि से भारी नुकसान
x
UP News: उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, तूफान और बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी आधिकारिक बयान से मिली। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, गुरुवार को राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में 22 लोगों की मृत्यु हो गई, 45 पशु मर गए और 15 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में तूफान और बिजली गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहपुर और आजमगढ़ जिलों में तीन-तीन, फिरोजाबाद, कानपुर देहात और सीतापुर जिलों में दो-दो, गाजीपुर, गोंडा, अमेठी, संत कबीर नगर और सिद्धार्थ नगर जिलों में एक-एक तथा बलिया, कन्नौज, बाराबंकी, जौनपुर और उन्नाव जिलों में एक-एक व्यक्ति की बिजली गिरने से मृत्यु हो गई। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आंधी-तूफान और बिजली गिरने से गाजीपुर में 17, चंदौली में 6, बलिया में 5, अंबेडकरनगर, बलरामपुर और गोंडा में 3-3, सुल्तानपुर में 2, अमेठी, कन्नौज और गोरखपुर में 1-1 तथा फतेहपुर में आग लगने से 3 पशु की हानि हुई है।
इसके अलावा आंधी-तूफान और बिजली गिरने से गाजीपुर, सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी में 2-2 तथा बलिया, गोंडा, बाराबंकी, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, औरैया, हरदोई, लखनऊ और मऊ में 1-1 मकान को नुकसान पहुंचा है। बड़े दुधारू पशु की हानि पर 37,500 रुपये, छोटे दुधारू पशु की हानि पर 4,000 रुपये, बड़े गैर-दुधारू पशु की हानि पर 32,000 रुपये तथा छोटे गैर-दुधारू पशु की हानि पर 20,000 रुपये मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और इस प्राकृतिक आपदा में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशु हानि पर भी प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Next Story