- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News: पैकेट का दूध...
उत्तर प्रदेश
Up News: पैकेट का दूध पीने से 2 साल की मासूम बच्ची की मौत
Sarita
7 Sept 2025 9:21 AM IST

x
Up News: बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर हटाना गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया है। बताया जा रहा है कि पैकेट वाला दूध पीने से दो साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। चारों बच्चे दो सगे भाइयों के परिवार के हैं। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेरठ और बड़ौत के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां जिला अस्पताल में भर्ती बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। बच्चों के परिजनों का आरोप है कि गांव के किराना दुकानदार जुगमंदर से मधुसूदन ब्रांड का दूध खरीदकर बच्चों को पिलाया गया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। परिजनों ने दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकानदार की दुकान का गहन निरीक्षण किया। मौके से मधुसूदन ब्रांड के दूध और अन्य पेय पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए और बाकी सामान जब्त कर लिया गया। टीम ने दूध, कोल्ड ड्रिंक, दही और अन्य खाद्य पदार्थों के पाँच नमूने भरे हैं।
दुकानदार ने अपने बयान में कहा कि उसकी दुकान से लगभग 80 पैकेट दूध बेचा गया, लेकिन कोई अन्य उपभोक्ता बीमार नहीं पड़ा। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दूध और अन्य ज़ब्त खाद्य पदार्थों की जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चों के बीमार पड़ने की असली वजह क्या थी। घटना के बाद गाँव में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान, पुलिस अधिकारी और खाद्य सुरक्षा टीम मौके पर मौजूद थी। फिलहाल जाँच जारी है और परिवार को न्याय का भरोसा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
Next Story





