उत्तर प्रदेश

Up Crime: सूटकेस के अंदर मिला महिला का शव, मचा हड़कंप

Sarita
19 May 2025 8:18 AM IST
Up Crime: सूटकेस के अंदर मिला महिला का शव, मचा हड़कंप
x
Up Crime: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला का शव सूटकेस के अंदर मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने महिला के मायके वालों को सूचना दी और फिर पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि तिलहर थाना पुलिस को सूचना मिली कि मोहल्ला पक्का कटरा में अशोक कुमार की पत्नी सविता (35) का शव घर में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अशोक के घर से सूटकेस से उसकी पत्नी का शव बरामद किया और पति को हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया कि सविता के देवर ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी भाभी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव सूटकेस के अंदर बंद मिला। पुलिस के मुताबिक महिला के गले पर चोट के निशान थे। एसपी ने बताया कि शव पूरी तरह सुरक्षित है। इस संबंध में जब मृतका के पति से पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद उसने शव को नीचे उतारकर सूटकेस में बंद कर दिया। मृतका के पति से पूछताछ का हवाला देते हुए एसपी ने बताया कि महिला ने खुद फांसी लगाई थी, जिससे वह काफी डरा हुआ था और इसी के चलते उसने अपनी पत्नी के शव को सूटकेस में बंद कर दिया।
हालांकि एसपी का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में मृतका के पति ने जो बयान दिया है, वही उसकी 12 वर्षीय बेटी और छोटे बच्चे ने भी दिया है। दोनों के बयान उनके पिता द्वारा दिए गए बयान की पुष्टि करते हैं, लेकिन शव को नीचे उतारकर सूटकेस में बंद करने का मामला संदिग्ध लग रहा है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story