उत्तर प्रदेश

Mirzapur: गिट्टी से लदा ट्रक एंबुलेंस पर पलटा, गर्भवती महिला समेत चार की मौत

Sarita
27 April 2025 9:41 AM IST
Mirzapur: गिट्टी से लदा ट्रक एंबुलेंस पर पलटा, गर्भवती महिला समेत चार की मौत
x
Mirzapur मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के छातो त्रिमोहानी के पास शनिवार को गिट्टी लदा ट्रक एंबुलेंस पर पलट जाने से गर्भवती महिला और उसकी मां समेत चार लोगों की मौत हो गई। एंबुलेंस सोनभद्र से एक महिला को प्रसव के लिए वाराणसी ले जा रही थी। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव ने बताया कि शनिवार की दोपहर सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के कनहरा गांव निवासी सूरजबली खरवार (26) और हीरावती देवी (25) तथा जुगैल थाना क्षेत्र के जुगैल कोठी निवासी मालती देवी (45) निजी एंबुलेंस से गर्भवती हीरावती का प्रसव कराने जा रहे थे।
गर्भवती महिला की मां मालती देवी और पति कौशल तथा रिश्तेदार सूरज वाराणसी के एक अस्पताल जा रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन व कटर की मदद से किसी तरह सभी को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सूरज, हीरावती देवी, मालती व एंबुलेंस चालक रामू को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान भीषण जाम लग गया।
हीरावती के पति कौशल व एंबुलेंस सहायक भंडारी शर्मा घायल हो गए। दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजन सोनभद्र से आ गए हैं। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है।
Next Story