उत्तर प्रदेश

Mahakumbh Traffic Update: आस्था के मेले में ट्रैफिक जाम, श्रद्धालु परेशान

Sarita
23 Feb 2025 10:16 AM IST
Mahakumbh Traffic Update:  आस्था के मेले में ट्रैफिक जाम, श्रद्धालु परेशान
x
Mahakumbh Traffic Update: प्रयागराज में चल रहे दिव्य और भव्य महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रयागराज शहर और हाईवे पर करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। शनिवार को 1.11 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई, जबकि रविवार यानी 23 फरवरी को यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। शुक्रवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है, जिससे प्रयागराज और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
महाकुंभ के आखिरी वीकेंड पर संगम स्नान के लिए उमड़ी भीड़ के चलते प्रयागराज के प्रवेश मार्गों पर बेहद भयावह स्थिति बन गई है। रीवा, वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, जौनपुर, प्रतापगढ़ और मिर्जापुर की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। मेला क्षेत्र के बाहर वाहनों का दबाव इतना ज्यादा है कि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि प्रयागराज में शनिवार सुबह से ही वाहनों का भारी प्रवेश शुरू हो गया था। मेला क्षेत्र के आसपास स्थित नेहरू पार्क, एयरफोर्स ग्राउंड, नैनी रीवा रोड, लालबाग, फाफामऊ बेला कछार और हाईटेक सिटी पार्किंग सुबह 11 बजे तक पूरी तरह भर चुकी हैं। संगम घाट के पास की सभी पार्किंग भी जल्द ही भर गई हैं, इसके बावजूद श्रद्धालुओं और वाहनों का आना जारी है।
10 किमी पैदल चलने को मजबूर श्रद्धालु
बढ़ते जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कोखराज बाईपास से वाहनों को फाफामऊ बेला कछार पार्किंग की ओर डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। वहीं श्रद्धालुओं के वाहनों को संगम घाट से करीब 10 किलोमीटर पहले ही रोक दिया जा रहा है, जिससे उन्हें स्नान के लिए पैदल ही जाना पड़ रहा है।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने मेला क्षेत्र के सात प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की है। अब प्रयागराज में सिर्फ यूपी 70 (स्थानीय नंबर प्लेट) वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग पर ही रोका जा रहा है। महाशिवरात्रि पर और बढ़ेगी भीड़
वीकेंड के बाद आने वाले महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के निर्देश जारी किए हैं। अब तक 60 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम स्नान कर चुके हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है।
Next Story