उत्तर प्रदेश

Lucknow: वृद्ध महिला की हत्या, खेत में मिला अर्धनग्न शव

Sarita
26 March 2025 7:17 AM IST
Lucknow: वृद्ध महिला की हत्या, खेत में मिला अर्धनग्न शव
x
Lucknow लखनऊ: लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र के एक गांव में झोपड़ी में सोते समय लापता हुई वृद्धा (55) का खून से लथपथ अर्धनग्न शव मंगलवार दोपहर सरसों के खेत में पड़ा मिला। मृतका के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुष्कर्म की आशंका समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। गोसाईंगंज क्षेत्र के एक गांव में वृद्धा अपने पति और बेटे के साथ झोपड़ी में रहती थी। पति के मुताबिक रविवार रात वे झोपड़ी में सोए थे। सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे जब वह उठा तो पत्नी झोपड़ी में नहीं थी।
काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर रात तक इंतजार किया और फिर मंगलवार दोपहर 12 बजे गोसाईंगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शाम करीब चार बजे झोपड़ी से 100 मीटर दूर सरसों के खेत में वृद्धा का शव पड़ा होने की सूचना मिली। पति मौके पर पहुंचा। वृद्धा के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और गर्दन व चेहरे से खून बह रहा था। हत्या की सूचना मिलने पर गोसाईंगंज थाने की टीम के अलावा डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल, एडीसीपी अमित कुमावत, एसीपी ऋषभ रुनवाल भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने वारदात स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। खेत में संघर्ष के निशान मिले हैं।
जिस स्थान पर शव पड़ा था, उसके आसपास फसल का बड़ा हिस्सा नीचे गिरा हुआ था। इससे साफ है कि वृद्धा ने जान बचाने के लिए हत्यारे से संघर्ष किया। पुलिस को आशंका है कि हत्या में दो या इससे अधिक आरोपी हो सकते हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। डीसीपी साउथ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
Next Story