उत्तर प्रदेश

Moradabad में बारिश के बीच बिजली का कहर, कई लोग घायल

Ratna Netam
1 July 2026 9:36 PM IST
Moradabad में बारिश के बीच बिजली का कहर, कई लोग घायल
x
पूरे गांव में मातम पसर गया।

Moradabad मुरादाबाद : जिले में सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मझोला थाना क्षेत्र के मैनाठेर स्थित मिलक गांव में गौशाला के पास अचानक बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे में संतराम और विनीता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं धामनी, सपना और दिवांशी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा क्षेत्र गमगीन है। प्रशासन ने मौके पर अधिकारियों को भेजकर स्थिति का जायजा लिया है तथा पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और आकाशीय बिजली की चेतावनी के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।

Next Story