उत्तर प्रदेश

Kanpur: महिला ने पति के साथ शराब पी, फिर कर दी हत्या

Sarita
26 Dec 2025 9:13 AM IST
Kanpur: महिला ने पति के साथ शराब पी, फिर  कर दी  हत्या
x
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बिठूर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में बुधवार देर रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर दस से अधिक घाव के निशान की पुष्टि हुई है। गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार तड़के उसकी अस्पताल में मौत हो गई। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी अपने चार वर्षीय बेटे को लेकर फरार हो गई। मामले में पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
टिकरा गांव निवासी 45 वर्षीय पप्पू टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करते थे। मृतक की मां बिटोला देवी के मुताबिक, पप्पू की शादी वर्ष 2019 में बांदा जिले के तिंदवारी क्षेत्र की रहने वाली वीरांगना से हुई थी। दोनों का चार साल का बेटा जय है। बुधवार सुबह वीरांगना बेटे को लेकर पनकी में रहने वाली अपनी बहनों से मिलने गई थी। वहीं, पप्पू काम पर चले गए थे। शाम को वीरांगना शराब के नशे में घर लौटी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि करीब दो घंटे तक चले विवाद के दौरान वीरांगना ने आपा खो दिया। घर में रखी कुल्हाड़ी से पप्पू पर कई वार कर दिए। हमले में पप्पू लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ा। इसके बाद पत्नी ने इस पूरी घटना को अलग रंग देना शुरू कर दिया।
घटना के बाद वीरांगना ने घर से कुछ दूरी पर रहने वाले ससुराल पक्ष को फोन कर बताया कि पप्पू सड़क हादसे में घायल हो गया है। इसके बाद वह घर के फर्श पर फैले खून को साफ करने लगी। ससुरालियों की सूचना पर बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पप्पू को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहां गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई।गुरुवार सुबह जैसे ही पप्पू की मौत की सूचना मिली, वीरांगना अपने चार वर्षीय बेटे जय को लेकर घर से फरार हो गई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो गया है कि यह घटना कोई इत्तेफाक नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम में पप्पू के सिर पर 10 से अधिक गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। यह चोटें कुल्हाड़ी, बेलन और सिलबट्टे जैसी भारी वस्तुओं से की गई प्रतीत होती हैं।
Next Story