उत्तर प्रदेश

WhatsApp कॉल से होती थी डील, करोड़ों की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

Gulabi Jagat
6 Sept 2026 7:07 AM IST
WhatsApp कॉल से होती थी डील, करोड़ों की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
x

WhatsApp कॉल से होती थी डील, करोड़ों की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

शुक्रवार को भी देहरादून की एक पार्टी हेरोइन लेने हाईवे पर पहुंचने वाली थी

मीरगंज। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ की बरेली यूनिट और मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हाईवे से एक अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

एएनटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी विकास यादव ने अपनी टीम और मीरगंज पुलिस के साथ शुक्रवार को बरेली-रामपुर हाईवे पर परौरा कट के पास कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से फरीदपुर क्षेत्र के मोहनपुर निवासी जब्बार खां पुत्र छिद्दन खां को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1.300 किलोग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जब्बार खां अपने सगे भाई सत्तार खां के साथ मिलकर हेरोइन तैयार करता था और उसे देहरादून में अलग-अलग पार्टियों को सप्लाई करता था। आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।

पुलिस के अनुसार, जब्बार खां इस साल अब तक करीब 25 से 30 बार देहरादून जाकर हेरोइन की सप्लाई कर चुका था। शुक्रवार को भी देहरादून की एक पार्टी हेरोइन लेने हाईवे पर पहुंचने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सप्लाई से पहले ग्राहकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करता था और बातचीत के बाद कॉल डिलीट कर देता था, ताकि पुलिस को भनक न लगे। पुलिस अब आरोपी के भाई सत्तार खां और उससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।मीरगंज थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story