
x
गुस्से में उठाया खतरनाक कदम नदी के तेज बहाव में फंसा युवक
Ghazipur गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने गोमती नदी में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, किस्मत और रेस्क्यू टीम की तत्परता से उसकी जान बच गई। बाढ़ के तेज बहाव के बीच युवक एक पेड़ की डाल पकड़कर जिंदगी की जंग लड़ता रहा। जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के बड़ागांव निवासी 33 वर्षीय चंदन कुमार तिवारी का गुरुवार को अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह बाइक से गोमती नदी के पुल पर पहुंचा। रात करीब नौ बजे उसने पुल के पास बाइक और मोबाइल रखा और अचानक नदी में छलांग लगा दी।
इन दिनों गोमती नदी में बाढ़ का पानी होने के कारण बहाव काफी तेज था। युवक के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत खानपुर थाने की पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सिधौना चौकी प्रभारी सुधीर कुमार राय पुलिसकर्मियों और स्थानीय मछुआरों के साथ नाव लेकर नदी में उतरे।
अंधेरा, तेज बहाव और बाढ़ का पानी रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। टॉर्च की मदद से नदी में युवक की तलाश की गई। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक को हिम्मत बनाए रखने और अपनी स्थिति बताने की अपील की। काफी देर की तलाश के बाद रेस्क्यू टीम को चंदन नदी के बीच एक बबूल के पेड़ को पकड़े हुए मिला। वह पेड़ की डाल के सहारे खुद को बचाए हुए था।
स्थानीय नाविकों ने साहस दिखाते हुए नाव को धीरे-धीरे युवक के पास पहुंचाया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद युवक को पुलिस चौकी लाया गया, जहां उसकी मेडिकल जांच कराई गई। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस और स्थानीय नाविकों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या तनाव की स्थिति में जल्दबाजी में कोई खतरनाक कदम न उठाएं और परिजनों या भरोसेमंद लोगों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालें।
Next Story





