- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- टायर में आग लगने से...

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। गोरखपुर से सूरत जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। घटना शहीद पथ स्थित मेदांता अस्पताल के पास की है। हादसे के समय बस में 32 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक, बस रात करीब 12:15 बजे शहीद पथ से गुजर रही थी। इसी दौरान बस के एक टायर में अचानक आग लग गई। आग की जानकारी मिलते ही चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यात्रियों के बस से उतरने के कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई और बस धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बस के टायर में लगी आग बताई जा रही है। चालक की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बस में आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित आगे की यात्रा के लिए व्यवस्था कराई गई।
देखें वीडियो :





